राजकोट से बिना बताए घर से लापता मयूर को कौसानी में बरामद कर ले गई गुजरात पुलिस

गुजरात से लापता एक युवक कौसानी में मिला है। उसके गुमशुदा होने पर स्वजन परेशान थे। वह 15 सितंबर से राजकोट से बिना बताए घर से निकल गया था। उनकी लोकेशन कौसानी आ रही थी। गुजरात पुलिस ने कौसानी पुलिस से संपर्क साधा और शुक्रवार की सुबह उसे बरामद कर लिया गया है।

गुजरात, राजकोट के खाकीजलिया निवासी 30 वर्षीय मयूर कुमार पुत्र विक्की भाई बीते 15 सितंबर को घर से बिना बताए चले गए। स्वजनों ने उनकी काफी खोजबीन की। लेकिन उनका पता नहीं चल सका। गुजरात पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। सर्विलांस के जरिए गुमशुदा की लोकेशन खोजी और कौसानी क्षेत्र प्राप्त हुई।

स्थानीय पुलिस में तैनात अश्विन यादव ने कौसानी थाने को सूचना दी। पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। शुक्रवार को गुमुशदा के भाई अश्विन कुमार और विहुल कुमार कौसानी पहुंचे। पुलिस की मदद से उसकी तलाश शुरू हुई। कुछ ही घंटों में वह एक होटल से बरामद कर लिए गए।

पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस को सक्रिय कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस को गुमशुदगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जनपद पुलिस ऐसे लोगों की हरसंभव मदद कर रही है। त्वरित कार्रवाई पर गुमशुदा के स्वजनों ने उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.