सवाल को फिर टाल गए सीएम धामी, बोले -मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा के लिए छह महीने नाकाफी

प्रदेश मंत्रिमंडल में विस्तार की संभावना से जुड़े प्रश्न को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी फिर टाल गए। उन्होंने कहा कि सही समय आने पर मंत्रिमंडल में विस्तार भी हो जाएगा। मुख्यमंत्री अपने 48वें जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। राज्य सरकार को जल्द छह माह का कार्यकाल पूरा हो जाएगा, क्या मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा करेंगे?

इस प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि छह महीने काफी कम हैं। प्रदेश मंत्रिमंडल में तीन पद खाली होने और मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सही समय आने पर होगा। उन्होंने कहा कि अभी संगठन के विस्तार का काम चल रहा है। प्रदेश संगठन का काम पूरा होने के बाद जिलों में संगठन बनेंगे।मुख्यमंत्री ने लोकायुक्त बनाए जाने से जुड़े प्रश्न पर कहा कि सरकार धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है। बकौल सीएम, हमने समान नागरिक संहिता बनाने का संकल्प किया था। उस दिशा में हम काफी आगे बढ़ गए हैं। लोकायुक्त के बारे में भी सही समय पर निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि जब उन्हें सीएम पद का दायित्व मिला था, तब उन्होंने भू कानून, नए जिलों का गठन व अन्य के बारे में चर्चा की थी। हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्य संस्कृति का अनुसरण करते हुए आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.