टिहरी जिले की छह विधानसभा सीटों पर करीब पांच लाख तीस हजार मतदाता है। पुरुष मतदाताओं की संख्या महिला मतदाताओं से 13386 अधिक है। 14 फरवरी होने वाले विधानसभा चुनाव में यह मतदाता अपने मत का प्रयोग कर जिले की छह विधानसभा सीटों पर चुनाव मैदान में उतरे विभिन्न दलों के उम्मीदवारों के पक्ष में अपना मतदान करेंगे।
वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिये दो लाख 71 हजार 623 पुरुष और दो लाख 58 हजार 237 महिला मतदताओं का नाम निर्वाचन की नामावली में दर्ज हैं। वर्तमान में जिले में कुल पांच लाख 29 हजार 865 मतदाता है, जिसमें पांच थर्ड जेंडर मतदाता भी शामिल हैं। जिले में घनसाली विधानसभा में सबसे अधिक 98328,नरेन्द्रनगर 91112, देवप्रयाग 85946, धनोल्टी में 85786, प्रतापनगर 85151 तथा टिहरी विस में 83542 मतदाता हैं।
पुरुष और महिला मतदाता
सीट पुरुष महिला थर्ड जेंडर
घनसाली 49834 48493 1
देवप्रयाग 43673 42269 4
नरेन्द्रनगर 47688 43424 0
प्रतापनगर 43218 41933 0
टिहरी 43015 40527 0
धनोल्टी 44195 41591 0
कुल 271623 258237 5
पिछले चुनाव के मुकाबले 37 मतदेय स्थल बढ़े
बीते विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार 37 मतदेय स्थल बढ़ाये गये हैं। पहले जहां 914 मतदेय स्थल थे, वहीं 2022 में मतदेय स्थलों की संख्या 951 की गई है। जिसमें घनसाली में 157, देवप्रयाग में 145, नरेन्द्रनगर 170, प्रतापनगर में 146, टिहरी 153 तथा धनोल्टी में 180 मतदेय स्थल पर मतदाता वोटिंग कर सकेंगे। चुनाव आयोग की ओर से बीमार और अत्याधिक वृद्ध जो मतदान केंद्र पर नहीं पहुंच सकते, उन्हें पोस्टल बैलेट से मतदान करने की सुविधा दी है।