लगातार कोहरे ने देहरादून और पंतनगर के बीच चलने वाली एयर इंडिया की हवाई सेवा पर ब्रेक लगा दिया है। लगातार दो दिन खराब मौसम के चलते एयर इंडिया की फ्लाइट कैंसिल होने के बाद अब एयर इंडिया ने 28 फरवरी तक इस सेवा को हफ्ते में सिर्फ चार दिन संचालित करने का निर्णय लिया है। मौसम खराब होने, कोविड के बढ़ते संक्रमण के बीच यात्रियों की कमी को इसका कारण माना जा रहा है।
अब तक एयर इंडिया की फ्लाइट पूरे हफ्ते संचालित होती थी लेकिन खराब मौसम उड़ान में बाधक बन रहा है। एयर इंडिया के 72 सीटर विमान का संचालन देहरादून से पंतनगर के बीच होता है। पूर्व में यह सेवा हफ्ते भर नियमित संचालित हो रही थी। वहीं जनवरी में कोहरे के चलते हवाई सेवा में कई बार ब्रेक लग चुका है। जनवरी में तराई में काफी घना कोहरा रहता है। इसके चलते विमान लैंड होने के लिए विजिबिलिटी की समस्या आती है।
विमान के लैंड होने के लिए 1500 मीटर की विजिबिलिटी होना जरूरी है। वहीं पिछले दो दिनों से एयरपोर्ट में 500 मीटर ही विजिबिलिटी थी। इसके चलते बुधवार और गुरुवार को दो दिन लगातार फ्लाइट कैंसिल हुई। इसके बाद एयर इंडिया ने अब देहरादून से पंतनगर और पंतनगर से देहरादून को संचालित होने वाली फ्लाइट को शेड्यूल चेंज करते हुए इस 28 फरवरी तक अब हफ्ते में चार दिन ही संचालित करने का निर्णय लिया है।
अब यह विमान सेवा मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को ही 28 फरवरी तक संचालित होगी। हालांकि, इस संबंध में एयर इंडिया से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल पायी लेकिन माना जा रहा कि खराब मौसम और कोविड के बढ़ते संक्रमण के बीच यात्रियों की कम होती संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
पवनहंस की हेलीकॉप्टर सेवा भी बाधित हुई
देहरादून से हल्द्वानी, पंतनगर से पिथौरागढ़, पिथौरागढ़ से पंतनगर और पंतनगर से देहरादून के लिए कुछ समय पूर्व ही पवनहंस ने हेली सेवा शुरू की। इस सेवा का मकसद पर्यटन को बढ़ावा देना था लेकिन इस हेली सेवा पर भी खराब मौसम के चलते ब्रेक लगा हुआ है। पिछले करीब एक हफ्ते से खराब मौसम के चलते इसका संचालन नहीं हो पा रहा है।