भाजपा के बाद कांग्रेस ने भी स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वर्चुअल माध्यम से देहरादून से संबोधन कर कार्यकर्ताओं में हाल ही में जोश भर चुकी हैं। अभी राष्ट्रीय स्तर के कई नेताओं का आना बाकी है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस के सामने कुमाऊं में वापसी की बड़ी चुनौती है।
ऐसे में पार्टी के कई बड़े चेहरे कुमाऊं में जल्द ही नजर आ सकते हैं। इसकी शुरुआत 5 फरवरी को किच्छा में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम के साथ होगी। इसके बाद प्रियंका, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गुलाम नबी आजाद, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह, अशोक गहलोत जैसे कई बड़े चेहरे कुमाऊं के लोगों से रूबरू हो सकते हैं।
उत्तराखंड में 14 फरवरी को मतदान होना है। ऐसे में राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के पास चुनाव प्रचार के लिए चंद दिन ही बचे हैं। अपने अधिकृत प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए दलों ने राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के दौरे शुरू कर दिए हैं। ये सभी प्रचार तो करेंगे ही साथ में बागी हो चुके या नाराज चल रहे लोगों को भी साधने का काम करेंगे। कांग्रेस की ओर से 30 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की गई है।
जिसमें राष्ट्रीय राजनीति से सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह, गुलाम नबी आजाद, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, पंजाब के सीएम चरनजीत सिंह चन्नी, सचिन पायलट, दीपेंद्र सिंह हुड्डा सरीखे नेताओं के नाम शामिल हैं। जबकि, उत्तराखंड से पूर्व सीएम हरीश रावत, कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा, हरक सिंह रावत स्टार प्रचारक बनाए गए हैं।
हल्द्वानी महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिम्वाल ने बताया कि कुमाऊं में 5 फरवरी को किच्छा विधानसभा क्षेत्र में राहुल गांधी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके अलावा अन्य विधानसभाओं के लिए भी स्टार प्रचारकों के दौरे हाईकमान जल्द तय कर सकता है।