भाजपा हाईकमान ने एक बार फिर सीएम पुष्कर सिंह धामी पर भरोसा जताते हुए उन्हें उत्तराखंड की कमान सौंपी है। खटीमा विधानसभा सीट से विधानसभा चुनाव हारने के बाद भाजप विधायकों ने सीएम बनने के लिए लॉबिंग भी शुरू कर दी थी। राजनैतिक सूत्रों की बात माने तो सीएम की दौड़ में कैबिनेट मंत्री चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज और श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत का नाम खूब चर्चा में रहा।
लेकिन, दोनों ही मंत्रियों को जोर का झटका धीरे से लगा है। विधायक दल की बैठक के बाद उत्तराखंड के पर्यवेक्षक और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने धामी के नाम का ऐलान किया,जिसके बाद महाराज और रावत के सीएम बनने का सपना भी टूट गया। राजनैतिक सूत्रों की बात मानें तो सीएम बनने के लिए कई नेताओं ने दिल्ली तक की दौड़ लगा दी थी, लेकिन हाईकमान ने धामी के नाम पर ही हामी भरी।
धामी के विधायक दल का नेता चुने जाने पर शांतिपुरी में मिष्ठान वितरण
उत्तराखंड विधानसभा में पुष्कर सिंह धामी के विधायक दल का नेता चुने जाने पर समूचे शांतिपुरी क्षेत्रवासियों में जश्न का माहौल है। क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं व्यापारियों ने सोमवार देर शाम को पुष्कर सिंह धामी के विधायक दल का नेता चुने जाने की सूचना पर शांतिपुरी नंबर दो मुख्य बाजार में जमकर आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण किया।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि धानी के विधायक दल का नेता चुने जाने से प्रदेश की जनता एवं भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान हुआ है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सीएम धामी के नेतृत्व में ही प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत प्राप्त हुआ है।
प्रदेश की जनता को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में प्रदेश के विकास को गति, पहाड़ों से पलायन एवं युवाओं को रोजगार मिलेगा। मिष्ठान वितरण करने वालों में मंडल अध्यक्ष अमित पुरोहित, मंडल महामंत्री संदीप सिंह कार्की, पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तारा सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय व्यापारी तथा ग्रामीण मौजूद रहे।।