कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी का राज्य की पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष बनना तय हो गया है। गुरुवार को उन्होंने विस अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। अब शनिवार को अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होगी। भाजपा की ओर से एक ही सदस्य के नामांकन की वजह से ऋतु का अध्यक्ष चुना जाना तय माना जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी ऋतु खंडूड़ी को विस अध्यक्ष बनने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
गुरुवार शाम को विधायक ऋतु खंडूड़ी विधानसभा स्थित सचिव विधानसभा के कक्ष में पहुंची। उन्होंने 16 सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य के साथ ही कई विधायक मौजूद थे। इससे पहले विधानसभा सचिवालय की ओर से गुरुवार को विस अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई। अध्यक्ष पद के लिए 24 एवं 25 मार्च को नामांकन के दिन तय किए गए हैं। जबकि 26 मार्च को सदन में चुनाव होगा।
नामांकन के बाद ऋतु खंडूड़ी ने अध्यक्ष पद के लिए खुद को चुने जाने के लिए पार्टी केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मैं जनता की अपेक्षाओं एवं आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करूंगी। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सदन को सुचारू रूप से चलाने का प्रयास किया जाएगा।
ये विधायक रहे प्रस्तावक और समर्थक
नामांकन के दौरान प्रस्तावक में विधायक खजान दास, मुन्ना सिंह चौहान, सरिता आर्या, दुर्गेश्वर लाल, चंदन राम दास, प्रमोद नैनवाल, सविता कपूर, उमेश शर्मा, विनोद कंडारी, महेश जीना, भरत चौधरी, भोपाल राम टम्टा, बिशन सिंह चुफाल, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, कैलाश चंद्र गहतोडी शामिल रहे। जबकि समर्थकों में विधायक सुरेश गड़िया , बृज भूषण गैरोला, राम सिंह कैड़ा, शैला रानी रावत, सुरेश चौहान, मोहन सिंह बिष्ट, शक्ति लाल, रेणु बिष्ट, शिव अरोड़ा, अनिल नौटियाल, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्य, सुबोध उनियाल, दीवान सिंह बिष्ट आदि रहे।