राष्ट्रपति चुनाव से पहले कांग्रेस नेता अजय कुमार के सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को लेकर दिए एक बयान पर बवाल मच गया। हालांकि अब उन्होंने कहा है कि उनका बयान गलत तरीके से पेश किया। झारखंड के पूर्व लोकसभा सांसद कुमार ने कहा, “मैंने हमेशा कहा है कि मुर्मू एक अच्छी महिला हैं। मुद्दा एनडीए के विचारों से जुड़ा है। मैंने इसी पर टिप्पणी की थी।”
इससे पहले खबर आई थी कि अजय कुमार ने द्रौपदी मुर्मू को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया। उन्होंने कथिततौर पर कहा कि “हमें मुर्मू को ‘आदिवासी का प्रतीक’ नहीं बनाना चाहिए।” साथ ही उन्होंने NDA उम्मीदवार की विचारधारा पर भी सवाल उठाए थे।
अजय कुमार ने बीजेपी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय पर ‘झूठी वीडियो’ शेयर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वीडियो में द्रौपदी मुर्मू के बारे में उनकी सुबह की टिप्पणी को ‘गलत तरीके से पेश’ किया गया था। उन्होंने कहा, “अमित मालवीय बीजेपी आईटी सेल के प्रभारी हैं और फर्जी वीडियो शेयर कर रहे हैं। एक मिनट के वीडियो को 17 सेकेंड का कर दिया गया है और गलत तरीके से पेश किया गया है।” भारतीय निर्वाचन आयोग की तरफ से जारी कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को होने हैं।इससे पहले एएनआई द्वारा शेयर किए गए 57 सेकंड के एक वीडियो में, अजय कुमार ने कहा कि राष्ट्रपति पद की दौड़ में दोनों उम्मीदवारों – मुर्मू और विपक्ष के यशवंत सिन्हा – अच्छे लोग हैं। उन्होंने मुर्मू की विचारधारा पर सवाल उठाए थे। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘यह द्रौपदी मुर्मू के बारे में नहीं है। यशवंत सिन्हा अच्छे उम्मीदवार हैं और मुर्मू जी भी शालीन हैं। लेकिन वह भारत की बड़ी दुष्ट विचारधारा को दिखाती हैं। हमें उन्हें आदिवासी का प्रतीक नहीं बनाना चाहिए। हमारे पास राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद हैं और हाथरस हो गया। क्या उन्होंने एक भी शब्द कहा? अनुसूचित जाति की स्थिति बदतर हो गई है।’