लक्ष्मीकांत वाजपेयी को राज्यसभा पहुंचते ही मिला बड़ा जिम्मा, भाजपा के चीफ व्हिप बने

 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत वाजपेयी को राज्य सभा पहुंचते ही बड़ा जिम्मा दिया गया है। उन्हें राज्यसभा में पार्टी का नया चीफ व्हिप बनाया गया है। संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रह चुके वाजपेयी शिव प्रताप शुक्ला की जगह लेंगे। हाल ही में शुक्ला का राज्यसभा में कार्यकाल समाप्त हो गया था।

जोशी ने कहा, ‘लक्ष्मीकांत वाजपेयी को राज्यसभा में भाजपा का चीफ व्हिप नियुक्त किया गया है।’ चार बार उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य रह चुके वाजपेयी की गिनती पार्टी के कद्दावर ब्राह्मण चेहरों में होती है। वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं। बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान वाजपेयी यूपी में भाजपा के अध्यक्ष थे। उस वक्त 80 में से भाजपा ने 71 सीटें जीती थीं। उनके बाद केशव प्रसाद मौर्य को यह जिम्मेदारी दे दी गई थी।

विधानसभा चुनाव के दौरान वाजपेयी ने मेरठ से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। बाद में वह भाजपा की जॉइनिंग कमिटी के अध्यक्ष बने। राज्यसभा में पश्चिमी यूपी के विजयपाल सिंह तोमर और कांता कर्दम पहले से ही हैं। भाजपा ने हाल ही केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राज्यसभा में पार्टी का नेता नियुक्त किया है। हालांकि, पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का राज्यसभा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद भाजपा ने उनके स्थान पर उच्च सदन में किसी को भी अब तक उपनेता नहीं नियुक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.